मझोला थानाक्षेत्र स्थित कांशीराम कालोनी के पास गश्त कर रहे पीसीआर में मौजूद पुलिसकर्मियों पर शुक्रवार देर रात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने फायरिंग कर भाग रहे लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि उनके कुछ साथी अभी फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पकडे़ गए बदमाश शुक्रवार रात कांशीराम कॉलोनी में कंपनी कर्मचारी युवती अंशु गुप्ता के घर से चोरी की वारदात कर जा रहे थे कि तभी पुलिस पहुंची गई। रास्ते में पीसीआर देख पकडे़ जाने के डर से बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाई हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात मझोला पुलिस पीसीआर में गश्त पर थी, पीसीआर में एक दरोगा सहित करीब चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। इस दौरान वहां पर करीब चार लोग संदिग्ध हालत में नजर आए, पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने लगे।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर भी बदमाश नहीं रुके तो पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। दावा है कि पकडे़ जाने के डर से बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। करीब तीन राउंड फायरिंग कर बदमाशों ने खुद को पुलिस से बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों का पीछा कर पुलिस ने आरोपियों में से एक को मोके से दबोच लिया है।
आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों की तलाश में अन्य जगहों पर दबिश दी गई, जिसके बाद बदमाश के कुछ अन्य साथी भी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। गिरोह चोरी और लूट की वारदातों को पहले भी अंजाम दे चुका है। एएसपी यशवीर सिंह ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग किए जाने का मामला संज्ञान में है, गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया जाएगा।