दिल्ली रोड कार केयर एसेसीरीज की दुकान में लगी आग
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित कार केयर शोरूम में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। शोरूम की एक तरफ पेट्रोल पंप और दूसरी तरफ होटल है। शोरूम से आग की लपटें उठीं तो पंप और होटल में भी अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग बुझाई गई। शुक्र रहा कि आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची अन्यथा आग बेकाबू हो सकती थी।
मझोला के बुद्घि विहार निवासी शिव कुमार सैनी का दिल्ली रोड स्थित कुंदन पेट्रोल पंप के बराबर में कार केयर नाम से शोरूम है जिसमें कारों को सजाने, अतिरिक्त एसेसरीज लगाने का काम होता है। शोरूम के पीछे हिस्से में बनी दुकान में टायर पंचर लगाने की दुकान है। यहां से लोगों ने शनिवार शाम करीब पांच बजे धुआं उठता देखा तो शोर मचा दिया। उस वक्त शोरूम में मालिक और कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने पहले आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद शोरूम से सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मचारी दो गाड़ियां लेकर पहुंचे। इसके बाद आग पर बुझाई गई। आग लगने से पेट्रोल पंप पर अफरातफरी मच गई। जबकि होटल में में ठहरे लोग भी बाहर निकल आए। आग बुझने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। शोरूम के मालिक ने बताया कि अभी नुकसान का आंकलन नहीं किया गया है।
----
आग की लपटें और धुआं देख रहम लोग गए और बंद कर दी पेट्रोल डीजल की बिक्री
मुरादाबाद। कार केयर शोरूम में आग लगी तो पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग भी सहम गए। कर्मचारियों ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री बंद कर दी। पंप से लोग अपने अपने वाहन लेकर चले गए। टायरों में आग लगने से काफी ऊंचा धुआं उठा था। यदि एक चिंगारी भी इधर आ गिरती तो तबाही मच सकती थी। जिसे देखकर बुद्घि विहार के लोग भी ये जानकारी की कोशिश करते रहे कि आखिर आग लगी कहां है।