मुरादाबाद। दमकल विभाग की टीमों ने बुधवार को जिले में अलग अलग जगह चल रहे कोचिंग सेंटरों में जांच की। इस दौरान कोचिंग सेंटरों में आग से बचाव के लिए लगाए गए उपकरण चेक किए। इसके अलावा निकासी द्वार भी देखे गए।
सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने टीमों के साथ मुगलपुरा क्षेत्र में ब्राइट वे इंस्टीट्यूट, एनआईसीएल नियाजी कोचिंग सेंटर, ऑसम इंस्टीट्यूट इंग्लिश लैंग्वेज की जांच की। इनके अलावा दूसरी टीम ने बिलारी तहसील क्षेत्र में मौलाना आजाद लाइब्रेरी, फिजा लाइब्रेरी, जैक्सन डिजिटल लाइब्रेरी, परी लाइब्रेरी, राइजिंग स्टार, मन्नत लाइब्रेरी, द नॉटिज हब लाइब्रेरी, चौहान लाइब्रेरी समेत 15 संस्थानों में निरीक्षण किया। सीएफओ डाॅ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि जिन कोचिंग सेंटरों में कमियां मिली हैं उन्हें नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी कोचिंग सेंटरों में फायर एनओसी के मानक पूरे नहीं मिलेंगी तो कार्रवाई की जाएगी।