गांव मासूमपुर स्थित परचून की दुकान में शनिवार की रात आग लगने से भगवती (60) की जिंदा जलकर मौत हो गई। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी।
डिलारी क्षेत्र के मासूमपुर गांव निवासी भगवती गांव में ही परचून की दुकान करती थीं। शनिवार रात करीब आठ बजे अंधेरा हो जाने पर भगवती ने दुकान में मोमबत्ती जलाने के लिए माचिस जलाई। ग्रामीणों ने बताया कि माचिस जलाने पर चिंगारी ज्वलनशील पदार्थ से भरी कैन पर गिर गई और उसी से आग लग गई। आग लगते ही ज्वलनशील पदार्थ की प्लास्टिक की कैन फट गई। इससे पूरी दुकान में आग लग गई। आग में महिला भी जलने लगी।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। आग में जलकर महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद आग को बुझाया। दुकान में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। परिजनों ने महिला का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।