बिलारी। रजा नगर मोहल्ले में सहकारी प्रबंधक प्रशिक्षण केंद्र के निकट मशीन से रूई बनाने के दौरान निकली चिंगारी से तकिया-गद्दा बनाने के कारखाने में आग लग गई। अगलगी से लगभग 15 लाख रुपये का कच्चा और तैयार माल व मशीनें जल गईं।
घटनास्थल पहंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आधा घंटे में आग पर काबू पाया। घटनास्थल के निकट लोगों की भारी भीड़ लग गई। थाना कुंदरकी के जलालपुर गांव निवासी जावेद हुसैन का रजा नगर इलाके में जावेद हैंडलूम के नाम से रूई की धुनाई करने के बाद तकिया और गद्दा बनाने का कारखाना है। इस कारखाने में थाना बिलारी के खाबरी अव्वल गांव निवासी रमजानी की भी साझेदारी है। कारखाने में कई शहरों से आए कच्चे की धुनाई कर रूई तैयार की जाती है। इसके बाद तकिए और गद्दे तैयार किए जाते हैं।
बुधवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे जावेद और रमजानी में से कोई कारखाने पर मौजूद नहीं था। दो अलग-अलग रूई मशीन पर छह मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान एक रूई मशीन में कच्चे माल से लोहे का बारीक टुकड़ा आ गया। लोहे के टुकड़े की रगड़ के साथ निकली तेज चिंगारी से कच्चे माल के ढेर आग लग गई। वहीं मशीनों पर काम कर रहे मजदूर शोर मचाते हुए बाहर निकले। देखते ही देखते आग की लपटें कारखाने के गोदाम तक चली गईं और गोदाम में रखे माल में आग लग गई। गोदाम में आग लगने पर काफी ऊंची लपटें उठने लगीं।
इस दौरान कारखाने के निकट खड़े रेफ्रिजरेटर से भरे हुए एक कंटेनर में भी आग लग गई। इस दौरान कंटेनर में रखे फ्रिज जल गए। हालांकि अग्निशमन कर्मियों और लोगों की मदद से कंटेनर को दूसरी जगह ले जाकर आग बुझाई गई। कंटेनर के चालक थाना मैनाठेर के डींगरपुर गांव निवासी मोहम्मद आमिर ने बताया कि वह रुद्रपुर से रेफ्रिजरेटर लेकर विशाखापत्तनम जा रहा था। मंगलवार देर रात उसने आराम करने के लिए शाहबाद रोड के निकट रजा नगर इलाके में अपना कंटेनर खड़ा कर दिया था। कारखाना स्वामी जावेद के अनुसार कच्चा माल, तैयार माल और दोनों मशीनों समेत उसका लगभग 15 लाख रुपये की कीमत के सामान जल गए। जावेद ने बताया कि कारखाने में अग्निशमन यंत्र रखे हुए थे लेकिन अचानक लगी आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि अग्निशमन यंत्र आग पर काबू नहीं पा सके। कारखाने में आग लगने से लेकर बुझने तक आस पास लोगों की भीड़ लगी रही और दहशत का माहौल बना रहा।
0000000000000000000000
तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर की जांच
बिलारी। तकिया-गद्दा कारखाने में आग लगने की सूचना पर तहसीलदार अंकित गिरी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने कारखाने में आग लगने के कारणों की जांच की तथा आग लगने से हुए कारखाना स्वामी के नुकसान का भी आकलन किया। तहसीलदार ने कारखाने में अग्निशमन यंत्र एवं अग्निशमन संबंधी अन्य उपायों के बारे में जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। तहसीलदार के अनुसार मौके की जांच के बाद रिपोर्ट बनाकर उपजिलाधिकारी को भेजी जा रही है।
0000000000000
एक महीने पहले भी अन्य रूई गोदाम में लगी थी आग
बिलारी। नगर में शाहबाद रोड स्थित मोहल्ला रजा नगर के चौड़ा रास्ता इलाके में सहकारी प्रशिक्षण केंद्र को जाने वाली सड़क के आसपास दर्जन भर रूई कारखाने हैं। इन रूई कारखानों में मशीनों से कच्चे माल से रूई तैयार की जाती है। अधिकतर रूई तो व्यापारियों द्वारा स्थानीय स्तर पर तकिए और गद्दे बनाने के काम में ले जी जाती है, जबकि शेष रूई स्थानीय व्यापारी बाहर के व्यापारियों को बेची देती है। करीब एक माह पहले भी इसी जगह एक अन्य रूई गोदाम में भी आग लगने से लाखों के सामान जल गए थे। बीते वर्षों में भी इसी इलाक के रूई कारखानों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। रूई कारखाना संचालक के दावे से उलट इन कारखानों में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।
0000000000000000
अग्निशमन विभाग से कराई जाएगी जांच
बिलारी। उपजिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मोहल्ला रजा नगर इलाके स्थित रूई कारखानों में रूई तैयार करते समय आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कारखाना संचालकों द्वारा अग्निशमन विभाग से अनुमति ली है या नहीं। अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम है या नहीं। इसकी जांच कराने के लिए अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से बात की गई है। रूई गोदाम और तकिया कारखानों के संचालन को लेकर जीएसटी विभाग में पंजीकरण की जांच कराने की बावत जीएसटी अधिकारी से भी कहा गया है।