कांठ। जानलेवा हमला, मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कांठ के गांव सलेमपुर निवासी हरिओम सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 23 जून को गांव के ही करन प्रकाश राणा और इसके बेटों ने उसके चाचा जितेंद्र प्रताप सिंह की पैतृक आवासीय भूमि में रेत डाल दिया और जमीन में खड़े पेड़ों को नुकसान पहुंचाया था। इस संबंध में उसके चाचा ने मंगलवार को कांठ थाने में एक प्रार्थना-पत्र दिया था। इसके बाद पुलिस मौके पर आई और दोनों पक्षों को समझाकर वापस लौट गई। हरिओम का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद शाम को करन प्रकाश का बेटा आकाश आया और लोहे के तसले से उसके सिर पर वार किया। जिससे उसे चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर गया, उसने उसका गला भी दबाया था। शोर पर उसकी पत्नी और चाचा भी आ गए। आरोप है कि आकाश, भाई विकास, चाचा हरदेव राणा और पिता करन प्रकाश राणा ने पीड़ित और उसके चाचा जितेंद्र प्रताप सिंह को गालियां देते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बुधवार की शाम थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संवाद