मुरादाबाद। मुगलपुरा थाने में ढाबा संचालक ने कार सवार चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने ढाबा संचालक को घेर पीटा और सिर में किसी चीज से हमला कर दिया।
गलशहीद थानाक्षेत्र में असालतपुरा लंगड़े की पुलिया निवासी दानिश ने बताया कि काशीपुर रोड पर उनका ढाबा है। दो दिसंबर की रात वह ढाबे से लौट रहे थे। मुगलपुरा क्षेत्र में जामा मस्जिद चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कार सवार चार लोग आ गए। उन्होंने घेरकर दानिश को पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में दानिश बेहोश हो गए। लोग मौके पर जुटे तो हमलावर कार सवार भाग गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर दानिश के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद घायल दानिश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुगलपुरा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है।