नागफनी थानाक्षेत्र के दीवान का बाजार में नई परंपरा डालकर शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। कुछ लोगों ने रावण का पुतला जलाने की कोशिश की। दूसरे समुदाय के लोग जुट गए और उन्होंने हंगामा कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस कर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई।
पुलिस ने मामला शांत कराने के बाद दोनाें पक्षों के बारह लोगाें के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह घटना मंगलवार रात की है। दीवान का बाजार घोबियों वाला फाटक में कुछ लोगों ने रावण का पुतला जलाने का प्रयास किया। भनक लगने पर दूसरे समुदाय के लोग जुट गए और उन्होंने इसका विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर नागफनी पुलिस पहुंच गई। लेकिन दोनों पक्ष शांत होने को तैयार नहीं थे। एक पक्ष पुतला दहन करने का प्रयास कर रहा था। जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर रावण का पुतला दहन करने से रोका। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों का वीडियो बना लिया।
वीडियो फुटेज देखकर हंगामा करने वालों की पहचान की। इसके बाद नागफनी थाने में एसआई राज कुमार वर्मा ने मनीष कुमार पुत्र अनिल, राजीव पुत्र गोपाल, टुल्ली पुत्र दिनेश, मोन्टू पुत्र राकेश, आकाश पुत्र राकेश, बंटी पुत्र दिनेश, अजमत पुत्र राहत, यूसुफ पुत्र अख्तर, वसीम पुत्र सुबराती, असलम पुत्र अच्छन, नईम पुत्र मुरादी निवासी दीवान का बाजार थाना नागफनी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि जहां जहां लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आगे भी इस तरह के मामले सामने आए तो बवालियों को बख्शा नहीं जाएगा। नागफनी, मुगलपुरा, बिलारी और डिलारी में केस दर्ज किए गए हैं।