सपा नेता आजम खां के अधिवक्ता समेत तीन लोगों के खिलाफ गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट आजम खां के खिलाफ विचाराधीन डूंगरपुर प्रकरण के मुकदमों में से एक के वादी के भाई ने दर्ज कराई है। पूर्व में वादी द्वारा आजम खां समेत कुछ अन्य पर खुद को धमकाए जाने के आरोप की एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के इमरता गांव निवासी इकरार ने सिविल लाइंस पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके भाई अबरार हुसैन आजम खां के खिलाफ चल रहे एक मुकदमे में वादी हैं। इस मामले की सुनवाई के दौरान 18 अगस्त को वह अपने भाई के साथ कोर्ट गए थे। इस बीच एमपी-एमएलए कोर्ट के सामने गैलरी में अधिवक्ता नासिर सुल्तान तीन अन्य लोगों के साथ आए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर हमें भगा दिया। इकरार का कहना है कि उनके भाई को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि इकरार की तहरीर पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने नासिर सुल्तान और तीन अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (गाली-गलौज), 506 (जान से मारने की धमकी) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
इससे पूर्व डूंगरपुर प्रकरण के एक मुकदमे के वादी अबरार हुसैन की शिकायत पर 17 अगस्त को आजम खां, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां, इरशाद महमूद, अब्दुल परवेज शमसी, मुईन पठान समेत चार-पांच अज्ञात के खिलाफ वादी को धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद आजम खां के पुत्र एवं विधायक अब्दुल्ला आजम ने एसपी, डीआईजी से मुलाकात कर इस तरह के मुकदमों को गलत बताया था और इन्हें निरस्त करने की मांग की थी।