पाकबड़ा। पाकबड़ा थाने में नगर पंचायत अध्यक्ष खेमवती देवी, उनकी बेटी और बेटे के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और मारपीट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक युवती की तहरीर पर ये कार्रवाई की है।
पाकबड़ा के मौर्य नगर मोहल्ले निवासी फूलसिंह की मौत करीब साल पहले हो चुकी है। उसकी पत्नी की मौत अभी चार दिन पहले हुई थी। फूल सिंह की बेटी रूबी सोमवार की शाम अपनी मां प्रेमवती का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने नगर पंचायत अध्यक्ष खेमवती देवी के घर गई थी। उसने बताया की जब मैंने दरवाजा खटखटाया तो नगर पंचायत अध्यक्ष बेटे केशव गोस्वामी ने गेट खोला कहा कि क्या काम है। तुम लोग चले आते हो, मेरी नींद खराब कर दी। मैंने कहा अपनी मां का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाना है। इतने में ही केशव का मौसेरा भाई समीर आ गया। दोनों ने मेरे साथ गाली गलौज कर जातिसूचक शब्द बोलते हुए मुझे पकड़कर अंदर खींच कर ले जाने लगे। मैंने शोर मचाया तो अध्यक्ष खेमवती देवी व उनकी बेटी नीरू आ गईं। मुझे बुरी तरह मारना पीटना शुरू कर दिया। आस पास के लोग एकत्र हो गए। बमुश्किल जान बचाकर घर पहुंची और परिवार को आपबीती सुनाई। उसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पाकबड़ा थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष खेमवती देवी उनके पुत्र केशव गोस्वामी, पुत्री नीरू और मौसेरा भाई समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हम लोग राजनीति करते हैं। हम सभी के वोटों को चुनाव जीतते हैं। हमें सभी की जरूरत है। हम किसी को अपशब्द नहीं कह सकते हैं। दो माह बाद नगर पंचायत में चुनाव हैं। हमारे विरोधी हमें चुनाव को खराब करने के लिए ऐसे काम काम कर रहे हैं। हमारे घर पर आकर अभद्रता की गई है। हमारे घर पर मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनते हैं। मृत्यु प्रामाण पत्र नगर पंचायत के सरकारी कार्यालय में बनाए जाते हैं। उसकी सरकारी प्रक्रिया है।
- खेमवती देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष