मुरादाबाद। प्रशासकों के कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों में गड़बड़ी के मामले में तीन पंचायत सचिव और एक एडीओ समेत चार लोगों के खिलाफ भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर की गई है। पुलिस ने यह मुकदमा डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी की ओर से दर्ज कर किया है। इससे पंचायतीराज महकमे में हड़कंप है।
जिले में 26 दिसंबर 2020 से 25 मई 2021 के बीच ग्राम पंचायतों की बागडोर प्रशासकों (पंचायत सचिव और एडीओ पंचायत) के हाथ रही थी। इस दौरान जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिव और एडीओ पंचायत ने विकास कार्य के नाम पर नियम कायदे ताक पर रखकर धनराशि खर्च की थी। अमर उजाला की पड़ताल में यह मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने अपने स्तर से विभिन्न अधिकारियों के माध्यम से कुछ ग्राम पंचायतों की जांच कराई थी। डीएम के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी और सहायक अभियंता (नलकूप) निर्माण खंड ने विकास खंड भगतपुर टांडा की ग्राम पांच ग्राम पंचायत देवापुरा, चांदपुर, बहेड़ी, लालूवाला और बुढ़नपुर की जांच की थी। जिसमें वित्तीय नियमों, टेंडर प्रक्रिया आदि का पालन न करने समेत कई कमियां पाई गईं। डीडीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत देवापुरा, बहेड़ी और चांदूपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी (पंचायत सचिव) विनय आशीष, लालूवाला के ग्राम पंचायत अधिकारी (पंचायत सचिव) पुष्पेंद्र तथा बुढ़नपुर की ग्राम पंचायत अधिकारी (पंचायत सचिव) तरन्नुम आरा और संबंधित विकास खंड के तत्कालीन एडीओ (पंचायत) चंद्रपाल सिंह को वित्तीय अनियमितता का दोषी पाया।
डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने वर्तमान एडीओ पंचायत नरेश कुमार के माध्यम से भोजपुर थाने में रिपोर्ट लिखाने को तहरीर भेजी थी। जिसके आधार पर भोजपुर पुलिस ने तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों के खिलाफ गबन की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीपीआरओ की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप है।
000
अब तक दो एडीओ, पांच सचिवों के खिलाफ हो चुकी रिपोर्ट
मुरादाबाद। भोजपुर थाने में तीन ग्राम पंचायत सचिवों व एक एडीओ (पंचायत) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के साथ ही जिले में अब तक पांच ग्राम पंचायत सचिवों व दो एडीओ (पंचायत) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। इससे पहले कुंदरकी विकास खंड की ग्राम पंचायत असालत नगर बघा के पंचायत सचिव सत्यपाल सिंह, ग्राम पंचायत तेवर पट्टी उर्फ काजीपुरा के पंचायत सचिव सुरेंद्र तथा तत्कालीन एडीओ (पंचायत) द्विजेंद्र सिंह के खिलाफ थाना मैनाठेर और कुंदरकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। ब्यूरो