मुरादाबाद। गलशहीद थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दहेज में कार और पांच लाख रुपये नहीं देने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पीट दिया और पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
असालतपुरा निवासी शब्बीर हुसैन की पुत्री शमा ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी शादी मुस्लिम शरीयत के मुताबिक आठ अगस्त 21 को असालतपुरा हरि चुंगी वाली मस्जिद के सामने रहने वाले मोहम्मद इरफान से हुई थी। शादी के समय विवाहिता के परिजनों ने 15 लाख रुपये खर्च किया था। ससुराल आने पर ससुराली उसे कम दहेज के लिए ताना मारने लगे। सास का कहना था कि उसके अन्य बेटों को कारोबार कराना है तो पैसा चाहिए। काफी दबाव बनाने पर उसने 26 जून 22 को उसने एक लाख रुपये पति को सुपुर्द किया। इसके बावजूद ससुराल के लोग उसे आए दिन पीट देते थे। 30 जुलाई 22 को ससुराल के लोगों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पांच अगस्त को पति दो अन्य लोगों के साथ मायके आए और तीन तलाक देकर निकल गए। इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर गलशहीद पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।