कांठ। फर्जी अस्पताल, हेल्थ केयर और क्लीनिक संचालित करने के आरोप में उनके संचालकों के खिलाफ कांठ और छजलैट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सात अक्तूबर को ठाकुरद्वारा सीएचसी के चिकित्साधीक्षक व कांठ के नोडल अधिकारी डॉ. राजपाल सिंह, सीएचसी कांठ के अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह, फार्मासिस्ट सीपी थपरियाल आदि ने टीम बनाकर कांठ नगर स्थित आर्य हेल्थ केयर पर छापा मारा था। यहां मौके पर कोई भी प्रशिक्षित चिकित्सक नहीं मिला था। वहीं एक हेल्थ केयर का भी पंजीकरण नहीं मिला था। यहां ऑपरेशन थियेटर, लैब और एक्स-रे मशीन चलती हुई मिली थी। टीम ने इसे सील कर दिया था। इसी दिन कांठ के उमरी कलां अवैध रूप से संचालित उर्मिला अस्पताल में महिलाओं के प्रसव कराने के आरोप में सील किया गया था।
इस मामले में अब नोडल अधिकारी डॉ. राजपाल सिंह ने आर्य हेल्थ केयर के संचालक राहुल कुमार आर्य और उर्मिला अस्पताल की संचालिका उर्मिला के खिलाफ कांठ थाने में और सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने गांव सराय खजूर में अवैध क्लीनिक का संचालन करने पर संचालिका समरीन निवासी रसूलपुर चौहरा थाना छजलैट के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। यह क्लीनिक भी बिना रजिस्ट्रेशन चलता मिला था। संवाद