मुरादाबाद। सड़क पर चलते हुए, बाइक चलाते हुए, कार का गेट खोलकर यदि सड़क पर थूकने की आदत है, तो उसे सुधार लें, क्योंकि ये आदत अब आपको महंगी पड़ सकती है। संचारी रोगों के नियंत्रण और सफाई कार्यों के लिए नोडल अफसर बनाकर भेजे गए अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह ने इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने इस तरह से सड़क पर गंदगी करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि थूकने वाले ऐसे नहीं सुधरेंगे। जुर्माना लगाकर उन्हें ठीक किया जाए।
सोमवार यहां सर्किट हाउस में निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में नोडल अफसर ने कहा कि कोरोना काल में गंदगी फैलाने वालों के साथ किसी तरह की कोई रियायत न की जाए। वेंडरों की दुकान, खोमचा व ठेला आदि के पास डस्टबिन स्थापित कराएं। इसका प्रचार प्रसार कराएं कि डस्टबिन से अलग थूकने पर जुर्माना लिया जाएगा। इसके बाद चेकिंग अभियान चला कर डस्टबिन से अगल थूकने वालों से जुर्माना वसूलें। आवास विकास एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कॉलोनियों में साफ सफाई एवं कूड़ा उठाने की समुचित व्यवस्था किए जाने की योजना बनाएं। इस मौके पर नगर आयुक्त संजय चौहान, सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
सैनिटाइजेशन और फागिंग की जानकारी भी ली
नोडल अधिकारी ने बैठक में कोविड-19 व संचारी रोग नियंत्रण को चलाए जा साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटीलार्वा दवाओं के छिड़काव, शुद्ध पेयजलापूर्ति के साथ ही क्लोरिनेशन आदि कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता अभियान में साफ सफाई, सैनिटाइजेशन, एंटीलार्वा दवाओं का छिड़काव, फौगिंग तथा शुद्ध पेयजलापूर्ति के लिए प्रभावी कार्रवाही सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही किसी भी माध्यम से इस संबंध में प्राप्त शिकायतों को शीघ्र निस्तारित किया जाए।
पान-गुटखा खाकर थूकने वालों को दिया जाएगा रेडकार्ड
मुरादाबाद। नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा पिछले एक सप्ताह में खाली प्लाट में कूड़े का ढेर एकत्र करवाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वाले 311 लोगों से 1.82 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया जा चुका है। नगर भ्रमण पर यहां पहुंचे नोडल अफसर ने नगर निगम प्रशासन के इस अभियान की तारीफ करते हुए इस तरह के अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर के सभी चौराहों पर बावर्दी सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं। जिनके द्वारा पान, गुटखा आदि थूकने वाले नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें रेड कार्ड दिया जाएगा। उनका वाहन संख्या नोट करते हुए अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थल सड़क, डिवाइडर, पार्क, कार्यालय में कूड़ा फेंकने, रिक्त भूखंडों में कूड़ा डालने वालों, डेयरी संचालकों के खिलाफ भी नगर निगम अधिनियम 1959 की सुसंगत धाराओं में यथोचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों से सौ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।