मुरादाबाद। फाइनेंस कंपनी के कार्यालय संचालक के साथ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला में लाठी-डंडों से मारपीट की गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हरथला निवासी मोहम्मद शमीम बैंक काॅलोनी खुशहालपुर में फाइनेंस कंपनी के कार्यालय का संचालन करते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि भारत गैस गोदाम के पीछे रहने वाला अनस और उसके परिवार के लोग उससे रंजिश रखते हैं। एक मई की शाम को वह अपने कार्यालय से घर लौट रहा था।
आरोप है कि घर के बाहर घात लगाए बैठे अनस ने अपने भाई शौकीन, पिता रहीस, साथी आरिफ, सोहले, जाकिर व दो-तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान पड़ोसी इंतजार बचाने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घायल शमीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि छह नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।