सिविल लाइंस क्षेत्र में कोर्ट रोड स्थित स्पाइसी बाइट रेस्टोरेंट पर मंगलवार दोपहर पुलिस ने छापा मारकर डेटिंग को पहुंचे प्रेमी जोड़ों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि रेस्टोरेंट में टेबल्स को पर्दों से कवर करके प्रेमी जोड़ों से एकांत का एकस्ट्रा चार्ज वसूला जाता है।
पुलिस ने छापा मारा तो रेस्टोरेंट मालिक और युवक पुलिस ने भिड़ गए और धक्का - मुक्की कर दी। इसके बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक और छह ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला कंजरी सराय निवासी सद्दाम पुत्र शरीफ सिविल लाइंस क्षेत्र में कोर्ट रोड पर स्पाइसी बाइट नाम से रेस्टोरेंट चाता है।
रोज की तरह मंगलवार दोपहर भी रेस्टोरेंट में ग्राहक थे। कुछ युवतियां भी रेस्टोरेंट में मौजूद थीं। इसी बीच पुलिस ने रेस्टोरेंट पर छापा मार दिया। युवतियों के साथ डेटिंग को पहुंचे युवकों को पुलिस साथ ले जाने लगी तो सद्दाम पुलिस से भिड़ गया। युवकों ने भी पुलिस वालों के साथ धक्का मुक्की की।
इसके बाद अतिरिक्त फोर्स को मौके पर कॉल करके पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक सद्दाम व ग्राहकों मोहसिन निवासी सोनकपुर हरथला, रिजवान निवासी शाहबुलाकी ज्यारत चक्कर की मिलक, आकिल निवासी गोकुल दास मुगलपुरा, राहुल उर्फ धर्मेंद्र निवासी ताड़ीखाना, नवनीत और पचपेड़ा निवासी निक्कू को पकड़ लिया और थाने ले आई।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस बीपी सिंह बालियान ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक समेत सभी सात लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए युवकों में निक्कू और नवनीत एमकॉम के छात्र हैं जबकि आकिल बीकॉम का छात्र हैं।
इंस्पेक्टर का कहना है कि इस रेस्टोरेंट में टेबल्स को पर्दों से कवर कर प्रेमी जोड़ों से एकांत की एवज में प्रतिघंटा 200 रुपये वसूले जाते हैं। इसी सूचना पर छापा मारा गया था। वहीं होटल संचालक ने आरोपों को खारिज करते हुए पुलिस पर परेशान करने के आरोप लगाए।