मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र के रामपुर दोराहा मोबीन नगर में शुक्रवार मोबाइल चोरी के आरोपी को पकड़ने गई जीआरपी टीम को लोगों ने घेर लिया। सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की व हाथापाई की गई। रेलवे पुलिस के साथ मारपीट की सूचना पर कटघर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पिता और मां ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ पीट करने के बाद उनके बेटे को अपने साथ ले गई। जीआरपी इंस्पेक्टर का कहना है कि मारपीट नहीं हुई थी। आरोपी को पकड़ने जाते हैं तो तरह तो लोग हंगामा करते ही हैं। शनिवार दोपहर बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया।
मोबीन नगर रामपुर दोराहा निवासी सलमान उर्फ तोता यात्रियों के मोबाइल चोरी और लूट की घटना में फरार चल रहा था। शुक्रवार रात जीआरपी टीम आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंच गई। उस वक्त आरोपी घर में मौजूद था। पुलिस वालों ने सलमान को पकड़ लिया और उसे अपने साथ ले जाने लगे। इसी जानकारी मोहल्ले में फैली तो लोग सलमान के घर जुट गए। उन्होंने ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूत्रों का कहना है कि पुलिस कर्मियों के साथ धक्का मुक्की की गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद एक सिपाही ने इसकी जानकारी पुलिस और अपने अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। सलमान के पिता शाहिद का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उसके व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की और उसके बेटे सलमान को उठाकर अपने साथ ले गई। इंस्पेक्टर जीआरपी सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी करने टीम गई थी। किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है। आरोपी सलमान मोबाइल व लूट की घटना में वांछित था। शनिवार दोपहर आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती सलमान के पिता जाहिद ने आरोप लगाया कि मुझे और मेरी पत्नी को पुलिस कर्मियों ने डंडों से पीटा है। लेकिन हमारी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।