मंडी धनौरा। धनतेरस व दिवाली के त्योहार पर बाजारों में ग्राहकों की भीड़ व उनके द्वारा की जा रही खरीदारी से दुकानदारों के चेहरों पर चमक दिखाई दे रही है। इलेक्ट्रानिक, गिफ्ट आइटम, ऑटोमोबाइल शो रूम व ज्वैलरी की दुकानों पर रौनक दिखाई दे रही है। लोगोें की भीड़ से बाजार गुलजार हो रहे हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बहुत ही अच्छी तरीके से सजाया है।
धनतेरस व दिवाली पर इलेक्ट्रानिक सामान खरीदने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। इलेक्ट्रानिक उत्पाद बनाने वाली कंपनियां भी त्योहार पर बंपर ऑफर दे रही हैं। ग्राहक कंपनियों के ऑफर का फायदा उठाकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। फ्रीज, वाशिंग मशीन, मिक्सर आदि की काफी डिमांड है।
-पारुल गिल, इलेक्ट्रानिक व्यापारी
करवा चौथ से ज्वैलरी का काम शुरू हो जाता है। धनतेरस पर अब लोग सोने व चांदी का सामान खरीदना शुभ मानते हैं। चांदी के सिक्कों व लक्ष्मी-गणेश जी की चांदी की मूर्तियों की काफी डिमांड है। सोने व चांदी के कीमतों की वजह से लोग अपनी सामर्थ्य के मुताबिक ही खरीदारी कर रहे हैं।
-यश अग्रवाल ज्वैलर्स
इस समय ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए पीक समय चल रहा है। लोग दोपहिया वाहन खरीद रहे हैं। ई व्हीकल की डिमांड लगातार बढ़ रही है। दो पहिया वाहन निर्माता भी ग्राहकों की डिमांड पूरा करने के लिए नए नए मॉडल बाजार में ला रहे हैं। ग्राहक लगातार जानकारी कर रहे हैं।
-सुभाष बंसल ऑटोमोबाइल व्यापारी