रामपुर के टांडा-बाजपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर बाइक फिसल गई, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्र गिर गए। इस दौरान पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पिता को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में ले ली है।
टांडा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव निवासी फिदा हुसैन (50) अपने बेटे समी अहमद के साथ बाइक से स्वार क्षेत्र के बूढ़ी दड़ियाल गांव स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। बाइक समी अहमद चला रहा था और फिदा हुसैन पीछे बैठे थे। इस दौरान टांडा-बाजपुर मार्ग की ओर कोसी पुल के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक किया, इसके बाद ही बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसमें समी अहमद बाइक के साथ सड़क किनारे गिरा। जबकि फिदा हुसैन सड़क की ओर गिर गए। इस दौरान पीछे से आई ट्रैक्टर ट्रॉली ने फिदा हुसैन को रौंद दिया।
हादसे में फिदा हुसैन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।