कोतवाली क्षेत्र के गांव रजोहा में करीब 50 वर्षीय किसान की लाश उसके ही खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। एक दिन बाद बेटी की बरात गांव आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। किसान की मौत से शादी की खुशियां मातम में तबदील हो गईं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
गांव रजोहा निवासी किसान राजेश चौहान की बेटी की नौ जुलाई को शादी है। शादी की घर में सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं। बेटी की शादी में देने के कार खरीदने के लिए रविवार सुबह करीब दस बजे वह घर से निकले थे। घर से निकलने के दौरान उनके पास एक लाख 25 हजार रुपये भी थे। बताते हैं कि उन्हें करीब चार लाख रुपये एक परिचित से हसनपुर से लेने थे, लेकिन देरशाम तक वह घर नहीं पहुंचे। परिजनों को चिंता हुई तो तलाश शुरू की गई जिसका कोई फायदा नहीं हुआ। सोमवार सुबह अपने ही खेत में आम के पेड़ पर फंदे पर राजेश चौहान का शव लटकता हुआ लोगों ने देखा तो खलबली मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से केवल 450 रुपये ही बरामद किए गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
गांव रजोहा में किसान के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। - आरपी शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर।
बेटी की लगन जाने की घर में हो रही थी तैयारी
गांव रजोहा में राजेश चौहान की बेटी की मंगलवार को बरात आनी थी। शादी की सारी तैयारी पूरी कर ली गई थीं। घर पर कई करीबी रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे, लेकिन राजेश चौहान की मौत से घर में चल रही शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। राजेश चौहान पर दो बेटी और तीन बेटे हैं। पिता की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस समय राजेश चौहान की मौत की सूचना परिजनों को मिली उस समय घर से लगन ले जानी की तैयारियां की जा रही थीं।