मुरादाबाद। बहजोई के गांव कीरतपुर में आयोजित एक नामकरण संस्कार कार्यक्रम में हुए संघर्ष में कार्यक्रम आयोजक समेत दो लोगों की मौत हो गई तथा कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना धनारी के गांव कीरतपुर निवासी राकेश के बेटे का सोमवार को नामकरण संस्कार था जिसमें गांव के काफी लोग तथा रिश्तेदार जमा थे। रात लगभग आठ बजे अचानक यहां राकेश तथा इसी गांव में अपनी रिश्तेदारी में आए बदायूं निवासी रामप्रकाश के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते लाठी डंडे चलने लगे और फायरिंग शुरू हो गई। इस संघर्ष में राकेश व उसके भाई चंद्रकेश को गोली लगी। राकेश को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केेन्द्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामप्रकाश और चंद्रकेश को जिला अस्पताल मुरादाबाद लाया गया। यहां चिकित्सकों ने रामप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि चंद्रकेश को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ गुन्नौर अशोक कुमार व एएसपी संभल आलोक कुमार जायसवाल भी मौके पर पहुंच गए। राकेश की सास बहजोई के गांव ढकारी निवासी सुनीता का कहना था कि वह नामकरण संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने कीरतपुर गई थी। देर शाम कार्यक्रम में दूसरे पक्ष का युवक आकर गाली-गलौच करने लगा। विरोध किया तो मारपीट करने लगा और उसकी ओर से फायरिंग की गई। वहीं दूसरे पक्ष से घायल रामप्रकाश के बड़े भाई राजवीर का कहना था कि राकेश व उसके परिवार वालों ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।