मुरादाबाद। साथी को कार दिलवाने आए व्यक्ति ने ऐसा खेल खेला कि उसके ढाई लाख रुपये उड़वा दिए। दिन दहाड़े हुई इस घटना का खुलासा पुलिस ने देर रात कर दिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए पूरी रकम बरामद कर ली है। हालांकि शोर चार लाख ले जाने का मचा था पर वास्तव में ढाई लाख रुपये ही उड़ाए गए थे।
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब पौने तीन बजे संभल के कस्बा सिरसी निवासी कायम रजा ने चार लाख रुपये चोरी किए जाने की शिकायत की थी। आरोप था कि वह संभल से कार खरीदने के लिए मारुति वैन में अपने दो साथी मियां अब्बास उर्फ जिया हुसैन और हिदायत हुसैन निवासी सिरसी के साथ आया था। वैन जब चौधरी चरण सिंह चौक के पास वीकेएस स्कूल के पास पहुंची तो उसके दोनों साथी चाय पीने के लिए रुक गए। वह वैन में बैठकर रुपयों के थैले की रखवाली कर रहा था। इस दौरान ही मुंह पर कपड़ा बांधे बाइक पर आए एक युवक ने पलक झपकते ही वैन के अंदर से रुपयों से भरा थैला वैन से उठाया और नौ दो ग्यारह हो गया। वह चिल्लाया पर देर हो चुकी थी। रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस को उसके साथी हिदायत की गतिविधि संदिग्ध लगी तो उससे पूछताछ की गई। उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाली गई तो पता चला कि हिदायत संभल के सिरसी निवासी नवी हुसैन के लगातार संपर्क में था। फोन के जरिए वह बार बार नवी को लोकेशन की जानकारी दे रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर सारा खेल खुल गया। साफ हो गया कि वारदात को हिदायत हुसैन ने नवी से अंजाम दिलवाया है। जिसके बाद एक टीम दबिश के लिए संभल भेजी गई। वहां से नवी को दबोच लिया गया। उसके कब्जे से चोरी का थैला भी बरामद किया गया, जिसमें ढाई लाख रुपये मिले। पूछताछ में पता चला कि थैले में ढाई लाख रुपये ही थे। कायम ने बताया कि उसने गलती से ज्यादा रकम बता दी थी। नवी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक तमंचा भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपी नवी और हिदायत को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को चालान कर उनको कोर्ट में पेश किया जाएगा।