कलक्ट्रेट के सामने मुशायरा ग्राउंड में धरने पर बैठे किसानो से वार्ता करते प्रशासनिक अधिकारी।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, जबरन बिजली का लोड बढ़ाने, धान खरीद में आ रही दिक्कत के विरोध में भाकियू द्वारा यहां दो दिन पहले शुरू किया गया अनिश्चित कालीन धरना बुधवार बकाया गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र किए जाने, किसानों को धान खरीद में किसी तरह दिक्कत न होने देने के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को किसानों की समस्याओं के विरोध में अंबेडकर पार्क से शहर में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला था और जबरन कलेक्ट्रेट में घुस कर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया था। बुधवार तीसरे दिन भी यह धरना सुबह से जारी रहा। दोपहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने कुछ साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंच कर भाकियू के धरने को अपना समर्थन व्यक्त किया। शाम को करीब पांच बजे एडीएम (प्रशासन) लक्ष्मी शंकर सिंह की अगुवाई में गन्ना, बिजली, कृषि तथा विपणन विभाग के अधिकारी धरना स्थल पहुंचे। जिसमें गन्ना विभाग की ओर से 15 नवंबर तक किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने, डिप्टी आरएमओ की ओर से किसानों को धान खरीद में किसी तरह की कोई दिक्कत न आने देने, बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों का जबरन बिजली लोड न बढ़ाने आदि का आश्वासन दिया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि शासन की ओर से भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत को भी किसानों की उपरोक्त सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया गया है। शासन और प्रशासन के इन आश्वासनों के बाद से यहां धरना खत्म कर दिया गया है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नो सिंह, प्रदेश सचिव डॉ. करन सिंह, दीपक चौधरी, जयवीर सिंह, हरदीप सिंह, जीतू सिंह, गोरख सिंह, धनेंद्र शर्मा, रणधीर सिंह आदि मौैजूद रहे।