फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: बिजली समस्या के निदान की मांग, किसानों का प्रदर्शन

Tue, 19 May 2026 02:23 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं का निदान करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में ज्ञापन देकर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग उठाई। सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए समाधान न होने पर धरना देने की चेतावनी दी।
विज्ञापन


बिलारी नगर में भाकियू टिकैत के स्टेशन सड़क स्थित कैंप कार्यालय पर सोमवार सुबह बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान बिजली संबंधी अधिकतर समस्याएं सामने आईं। भाकियू पदाधिकारियों ने सहसपुर विद्युत उपखंड सहसपुर में आने वाले सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता पर कार्य के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। बैठक के बाद अनेक भाकियू टिकैत के पदाधिकारी सोमवार दोपहर तहसील में उपजिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे और यहां विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के न मिलने पर रजिस्ट्रार कानूनगो यशपाल गिरि को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल की पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र में आने वाले थांवला गांव के उपभोक्ताओं को चार किलोमीटर घूमकर विद्युत लाइन बनाकर आपूर्ति की जा रही है जबकि गांव से विद्युत उपकेंद्र की दूरी मात्र दो किलोमीटर है। ज्ञापन में सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता पर उपभोक्ताओं के प्रति गलत व्यवहार अपनाने और कार्य के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अपने पद से हटाने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि पांच दिन के भीतर लोगों की बिजली संबंधी सभी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तब उपखंड अधिकारी विद्युत सहसपुर कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
विज्ञापन



ज्ञापन देने वालों में भाकियू के बिलारी तहसील अध्यक्ष रणवीर सिंह यादव, बिलारी ब्लॉक अध्यक्ष हाजी माजिद अंसारी, कुंदरकी ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, रेहान पाशा, बिलाल अहमद, अभिनव चौधरी, अनीस अहमद, इंतेखाब हुसैन, खालिद अहमद, शान कुरैशी, गुड्डू कुरैशी, डॉ.अनीस अहमद, राजकुमार आदि मुख्य थे।



सहसपुर विद्युत उपखंड के उपखंड अधिकारी राम मनोहर सिंह ने बताया कि बीते दिनों आंधी आने से अनेक विद्युत पोल टूटने के साथ ही ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। मांग के बावजूद खंड कार्यालय मुरादाबाद से कोई सामग्री नहीं मिल पाई। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री के हिसाब से विद्युत लाइनों का ब्रेकडाउन दूर कर आपूर्ति चालू कराई जा रही है। थांवला समेत क्षेत्र के अन्य ग्रामों में सोमवार सुबह तक विद्युत आपूर्ति सुचारु करा दी गई है। सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई की लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें