कांठ। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने किसानों की सुविधा के लिए कांठ तहसील मुख्यालय पर मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित कराने की मांग जोरदार ढंग से उठाई है। संगठन ने यह मांग डीएम अनुनय झा, एसडीएम कांठ मयंक कुंडू और कृषि विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखी है।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष(पश्चिम यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि तहसील स्तर पर मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। उन्हें मिट्टी की जांच कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय व धन की बचत होगी। संगठन लंबे समय से इस मांग को प्राथमिकता के साथ उठाता आ रहा है, लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कृषि विभाग ने मृदा परीक्षण केंद्र की स्थापना के लिए तहसील प्रशासन से भूमि और भवन उपलब्ध कराने को कहा था, हालांकि भूमि और भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि संगठन अब इस मांग को और प्रमुखता से उठाएगा ताकि स्थानीय पर जल्द से जल्द मृदा परीक्षण केंद्र स्थापित हो सके और किसानों को इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, तहसील अध्यक्ष दर्शन सिंह, तहसील प्रभारी सियाराम बिश्नोई, नगराध्यक्ष अरविंद बिश्नोई जॉनी, जिला सचिव रामकला सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ अंगद चौधरी, सलीम अहमद, अनोज कुमार, परविंद्र सिंह, केशवचंद्र, प्रिंस चौधरी, महेश कुमार, रूपकिशोर सिंह, नौबत सिंह गुर्जर, अजय कुमार, बलराज सिंह आदि रहे।