ठाकुरद्वारा। कमालपुरी-डिलारी मार्ग पर स्थित एक गांव के 48 वर्षीय किसान ने दिवाली के दिन रविवार सुबह खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों के मुताबिक बेटे से विवाद के बाद किसान ने अपने खेत पर जाकर खुद पहनी लुंगी से ही फंदा लगा लिया। खुदकुशी से पहले उसके मंदिर में जाकर पूजा करने की जानकारी भी मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसान के बड़े बेटे की दो साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद से किसान कुछ समय उसके मकान में रहता था तो कुछ समय अपने छोटे बेटे के घर में। इसे लेकर उसका अपने छोटे बेटे से विवाद हो गया। रविवार दिन में जब हर तरफ दिवाली मनाने की तैयारी चल रही थी, तभी किसान छोटे बेटे के घर से निकल गया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि पता चला है कि किसान पहले गांव में स्थित मंदिर में गया। वहां पूजा-अर्चना की और फिर अपने खेत पर जाकर लुंगी का फंदा गले में कसकर जान दे दी। उसका शव पेड़ से लटका देख ग्रामीणों ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन अपनी तसल्ली के लिए गांव के डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां किसान को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल सुनील शर्मा का कहना है कि इस संबंध में किसी स्तर से पुलिस को सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराई जाएगी।