ठाकुरद्वारा। सिंचाई के लिए पानी रोकने का प्रयास कर रहे किसान की नहर में बहकर मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव मलपुरा लक्ष्मीपुर निवासी किसान जाहिद (50) खेतों की सिंचाई के लिए नहर पर पहुंचे। उन्होंने पंपिंग से खेत की सिंचाई करने का प्रयास किया तो नहर में पानी कम रहा था उन्होंने पानी की मात्रा बढ़ाने के लिए नहर में उतरकर उसका बहाव रोकने के लिए अड्डी लगाने की कोशिश की। अड्डी लगाने के प्रयास में किसान पानी में बह गए। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। छह घंटे बाद उन्हें सूचना मिला की एक व्यक्ति का शव गांव फैजुल्लागंज के पास नहर की झाल में अटका पड़ा है। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान की। शव जाहिद का था। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद करते शव को बाहर निकाला। फिर उसे घर पर ले गए। पुलिस को सूचित किए बिना ही शव को दफन कर अंतिम संस्कार कर दिया। किसान की मौत से उनके परिजन बेहद दुखी हैं।