कांठ। क्रय केंद्र पर गन्ना तुला कर लौटते समय संदिग्ध परिस्थिति में ट्रैक्टर से गिर कर गंभीर रूप घायल हुए किसान कुलवीर की मौत हो गई।
छजलैट के गांव छज्जा नंगला निवासी किसान कुलवीर (40) शुक्रवार को अपने ही गांव के सुधीर उर्फ सरदार के साथ छजलैट के रम्पुरा गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना तुलाने गया था। रात को गन्ना तुलाने के बाद लौटते समय मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित छजलैट के मथाना स्कूल के पास कुलवीर अज्ञात कारणों के चलते ट्रैक्टर से सड़क पर गिर गया। सिर सहित अन्य चोटें आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पास ही उसका ट्रैक्टर भी खड़ा था। आनन-फानन परिजन उसे इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के साथ गए युवक से भी पूछताछ की है।
इसी के साथ पुलिस जांच कर रही है कि कुलवीर ट्रैक्टर से कैसे गिरा। उसकी मौत से भाई संजीव, पत्नी हेमलता बेटे मुकेश और बेटी रिद्धि रो-रो कर बेहाल हैं।