चोरी की जानकारी देता पीड़ित परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
मझोला थानाक्षेत्र के शास्त्री नगर में बुधवार रात व्यापारी के घर में चोर घुस गए और 65 हजार की नकदी व दो मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। खास बात यह रही कि घटना के समय परिवार के लोग घर में ही सो रह थे, लेकिन चोरों की आहट पर एक भी सदस्य नहीं जाग सका। परिवार ने आशंका जताई है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए सो रहे परिवार पर स्प्रे कर बेहोश किया है।
मझोला थानाक्षेत्र में मानसरोवर कालोनी से सटे शास्त्री नगर में राहुल पाल का मकान है। राहुल पाल ने बताया कि वह सीसीटीवी कैमरे लगवाने का व्यापार करते हैं। राहुल ने बताया कि बुधवार रात घर में उनके पिता देवेंद्र पाल, मां सावित्री देवी और पत्नी अर्चना और छोटा भाई रोहन पाल मौजूद थे। खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने अपने कमरों में सोने चले गए। गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे राहुल की मां सावित्री देवी जागी तो उन्होंने देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जबकि जीने का दरवाजा भी खुला हुआ था।
सावित्री के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में यूपी 112 भी पुलिस मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना किया। राहुल ने बताया कि उनके मकान के बराबर में एक अन्य मकान का निर्माण चल रहा है। वहां से चोर मकान की छत पर पहुंचे और जीने से उतरकर मकान में घुसे हैं। इसके बाद चोरों ने अलमारी में रखे बैग से 65 हजार रुपये व दो मोबाइल चोरी किए। इसके बाद ही चोर यहां से भागे हैं।
राहुल का कहना है कि चोरों ने घर में घुसते ही परिवार पर स्प्रे कर बेहोश किया गया। इसलिए परिवार का कोई सदस्य जाग नहीं पाया है। राहुल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दे दी गई है। मझोला थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।