मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रविवार की रात तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती जख्मी हो गए। जबकि उनके मासूम बेटे की मौत हो गई। दंपती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
एसएचओ मझोला रुपेंद्र गौड ने बताया कि पाकबड़ा स्थित होली का कुआं निवासी मदन एक फर्म में सुपरवाइजर हैं। वह रविवार की रात को अपनी बीमार सास को देखने के पत्नी रेनू और चार साल के मासूम बेटे लक्की के साथ लाइनपार आए थे। यहां से रात को वापस घर जा रहे थे। जब वह मझोला थाने के पास गांगन नदी के पुल पर पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपती और उनका बेटा सड़क पर जा गिरे। तीनों को गंभीर चोट आई। वाहन की टक्कर की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को उपचार के लिए सांई अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टर ने लक्की को मृत घोषित कर दिया। दंपती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसएचओ मझोला रुपेंद्र गौड ने अस्पताल पहुंचकर जख्मी दंपती का हाल जाना और आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसएचओ ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है। कार चालक बिजनौर के आदमपुर का रहने वाला है। जो नशे की हालत में लग रहा है। शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मदन के पिता जगतपाल सहित परिवार के अन्य सदस्य सांई अस्पताल पहुंचे। उनका रोकर बुरा हाल है। हादसे के आरोपी कार चालक के खिलाफ उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है।
थाने के सामने से गुजरने में लगता है डर
मुरादाबाद। मझोला थाने से गांगन पुल की तरफ जाने वाले रास्ते पर दो सौ मीटर तक रांग साइड वाहन चलते हैं। ऐसे में हादसे का डर लगातार बना रहता है। थाने के सामने बैरियर भी नहीं लगाए गए हैं। तेज रफ्तार वाहन यहां से गुजरते हैं। थाने जाने वाले फरियादियों को हादसे का डर बना रहता है। कुछ दिन पहले ही भाजपा नेता की कार का एक्सिडेंट भी इसी जगह पर हुआ था लेकिन इसके बाद भी यहां पर यातायात व्यवस्था में सुधार के प्रयास नहीं किए गए हैं।