मुरादाबाद। राप्ती गंगा एक्सप्रेस में एक फर्जी टीटीई पकड़ा गया है। घटना शनिवार शाम की है, पकड़ा गया युवक टीटीई स्टाफ की वेशभूषा में फर्जी आईकार्ड के साथ ट्रेन में सवार था। इस दौरान ट्रेन में चेकिंग कर रहे मुरादाबाद के टीटीई स्टाफ ने उसे पकड़ लिया। स्टाफ ने देहरादून फोन पर सूचना मांगी तो उसके फंर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद फर्जी टीटीई को हरिद्वार जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
शनिवार को ट्रेन नंबर (05002) राप्ती गंगा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक युवक टीटीई स्टाफ की ड्रेस पहनकर आईकार्ड समेत बैठा था। उसी ट्रेन में मुरादाबाद के टीटीई ड्यूटी पर तैनात थे। टीटीई स्टा ने उस युवक को देखा तो उन्हें शक हुआ। ड्यूटी पर तैनात टीटीई खुर्शीद और मुमताज ने युवक से मुख्यालय का नाम पूछा तो वह जवाब न दे सका। सूचना पाकर ट्रेन कंडक्टरहामिद अली कोच में पहुंचे।
उन्होंने भी युवक को पहचानने से इंकार कर दिया। युवक के पहचान पत्र पर भी कोई स्पष्ट जानकारी अंकित नहीं थी। इससे टीटीई स्टफ का शक यकीन में बदल गया। उन्होंने फौरन पूरे घटनाक्रम से रेल अधिकारियों को फोन पर अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देशों पर टीटीई स्टाफ ने फर्जी टीटीई को हरिद्वार जीआरपी के हवाले कर दिया। रेलवे की स्पेशल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।