पाकबड़ा। शुक्रवार शाम को पाकबड़ा नगर में एक खल व्यापारी से वसूली करने गए दो लोगों को व्यापारियों ने बंधक बना लिया और पुलिस को सौंप दिया जबकि उनके साथ आए दो अन्य लोग फरार हो गए। व्यापारियों का आरोप है कि ये सभी आयकर विभाग की टीम बताकर यहां आए थे और वसूली करना चाह रहे थे। आरोप है कि इससे पहले भी वे कई लोगों से इसी तरह वसूली कर चुके हैं।
नगर के दिल्ली रोड़ शहनाई मंडप के पास अब्दुल सैफी की खल की दुकान है। शुक्रवार शाम को चार युवक खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए खल कारोबारी के यहां पहुंचे और नोटिस देने की बात कही। साथ ही यह सेटिंग भी करने लगे कि कुछ लेदेकर नोटिस से बचा जा सकता है। व्यापारी के मुताबिक ये लोग उनसे पहले भी वसूली कर चुके थे। अब फिर से पहुंचे थे। शुक्रवार शाम को फिर से उन्होंने यही खेल खेलना चाहा पर इसी दौरान खल कारोबारी ने उनके बारे में जानकारी जुटा ली। पता चला कि सारा मामला फर्जी है। इस पर खल व्यापारी ने इन लोगों को पकड़ कर बैठा लिया और कहा कि इनकम टैक्स अधिकारी होने का कोई सबूत दिखाएं। इन लोगों ने सबूत दिखाने के बजाए खल व्यापारी को धमका शुरू कर दिया । इसके बाद को खल व्यापारी की दुकान पर हंगामा शुरू हो गया। अन्य व्यापारी भी आ गए। इसी दौरान इनमें से दो लोग गाली गलौच करते हुए तथा धमकी देते हुए भाग निकले जबकि दो को व्यापारियों ने पकड़ लिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई है। खल व्यापारी अब्दुल सैफी ने बताया की लगातार यह लोग इनकम टैक्स अधिकारी बन कर पूरे क्षेत्र में वसूली करते है। उससे भी यह लोग कई बार पैसे ले जा चुके है लेकिन इस बार उसने इन लोगों को धर दबोचा है। बताया कि इनमें से एक व्यक्ति बीस साल पहले इनकम टैक्स विभाग में सफाई कर्मचारी होता था जो निकाल दिया गया था। उसने ही टीम बनाकर यह धंधा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। बताया कि एक व्यक्ति चतुर्थ श्रेणी का संविदा कर्मी बता रहा है दूसरे की जांच की जा रही है।