मुरादाबाद। इकतरफा प्यार में एक मनचले ने 11 वीं की छात्रा के फोटो का इस्तेमाल करके फेसबुक पर उसकी फेक आईडी बनाई और उससे लोगों को अश्लील संदेश भेजने लगा। छात्रा की फोटो शेयर कर उसने भद्दे कमेंट्स किए। मनचला स्कूल आते - जाते भी उसका पीछा करता है। छात्रा को धमकी देता है कि यदि उसने घर वालों को बताया तो वह उसके चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। मनचले की हरकतों से छात्रा का घर से निकलना दूभर हुआ तो बात परिजनों तक पहुंची। बुधवार को घर वाले बेटी को लेकर एसएसपी के पास पहुंचे और पूरा वाकया बताया। एसएसपी अमित पाठक ने सिविल लाइंस पुलिस को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पीड़िता सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली है। एसएसपी कार्यालय पहुंची छात्रा ने बताया कि सिविल लाइंस में ही आशियाना कालोनी निवासी एक युवक और उसके कुछ दोस्तों ने उसका जीना दूभर कर दिया है। घर से स्कूल आते - जाते आरोपी उसका पीछा करता है और अश्लील कमेंट्स करता है। यही वजह है कि घर से निकलते समय उसे अब डर लगने लगा है। छात्रा ने पुलिस से शिकायत की है उसने जब आरोपी को हद में रहने की चेतावनी दी तो वह हमलावर हो गया। उसने धमकी दी कि यदि विरोध किया या घर वालों को बताया तो वह उसके चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। छात्रा ने पुलिस से शिकायत की है कि आरोपी ने उसकी एक फोटो लगाकर एफबी पर उसके नाम से एक फेक आईडी भी बनाई है। जिससे वह अश्लील कमेंट्स करके उसकी छवि को धूमिल कर रहा है। मनचले की इन हरकतों से छात्रा सदमे में है। छात्रा ने बताया कि आरोपी के साथी भी उसकी फेक आईडी पर अश्लील कमेंट़्स कर रहे हैं। एसएसपी अमित पाठक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
डरें नहीं, बेझिझक लें पुलिस की मदद
एसपी सिटी अमित आनंद का कहना है कि यदि किसी लड़की के साथ इस तरह की या फिर छेड़खानी की कोई भी घटना होती है तो वह डरें नहीं बल्कि बेझिझक होकर पुलिस की मदद लें। पुलिस ऐसे किसी भी मामले में लड़की की पहचान को उजागर नहीं करती है। पीड़िता की पहचान को गुप्त रखा जाता है। स्कूल - कालेज आते - जाते यदि कोई पीछा करे, सोशल साइट्स पर अश्लील मैसेज भेजे तो बर्दाश्त नहीं करें बल्कि तुरंत पुलिस और अपने परिजनों को बताएं। शिकायत नहीं करने से ऐसे लोगों की हिम्मत बढ़ती है। पुलिस हेल्प लाइन नंबर 100,112 और महिला हेल्प लाइन नंबर 1095 पर या फिर एंटी रोमियो दल को सूचना देकर घर बैठे बगैर अपनी पहचान बताए भी लड़कियां हेल्प ले सकती हैं।