ठाकुरद्वारा। अमरोहा के गांव मकदूमपुर अतरौला निवासी शिवओम (30) उत्तराखंड के काशीपुर रोड पर स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। फैक्टरी के पास में ही गांव गंगाधरपुर में रहते थे। रविवार को शिवओम अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर से गंगाधरपुर जा रहे थे। ठाकुरद्वारा करनपुर मार्ग पर गांव रूपपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे शिवओम गंभीर घायल हो गए। उनकी पत्नी के मामूली चोटें आईं। दोनों को सरकारी अस्पताल में लाया गया। हालत गंभीर होने पर शिवओम को काशीपुर रेफर किया गया, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत के बाद पत्नी अपने पति के शव को निजी एंबुलेंस से ही अपने घर ले गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। पता चला कि दुर्घटना हुई है। उनका कहना है की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।