कांठ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार फैक्टरी कर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांव गदापुर निवासी अनिल उर्फ मोनू (30) पुत्र रामपाल पूर्व में लगी चोट का इलाज करा रहे थे। मंगलवार देर रात वह कांठ के उमरी कलां से पट्टी कराकर बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। बताया गया कि छजलैट थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-नूरपुर रोड पर स्थित गांव अलीपुरा की मैडेयो में करूला नदी के पुल पर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पीआरवी-112 और छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी थाने पहुंच गए थे। परिजनों के अनुसार अनिल पांच बहन-भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब सात माह पहले ही हुई थी। वह छजलैट क्षेत्र के गांव कोकरपुर स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। अनिल की मौत से पिता रामपाल सिंह, मां सावित्री देवी, पत्नी प्रभा, भाई धर्मवीर सिंह, रामभरोसे, भूपेंद्र और बहन कुसुम देवी समेत परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।