मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने फेसबुक दोस्त पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी अब शादी करने से इनकार कर रहा है। शादी के लिए दबाव बनाने पर सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकियां दे रहा है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि छह माह पहले फेसबुक के जरिए मझोला निवासी युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। युवती का कहना है कि दोनों के बीच फेसबुक पर काफी चैटिंग चली। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए थे। युवती का कहना है कि युवक ने उसे बताया था कि वह निर्यात फर्म में मैनेजर है। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी टाल मटोल करने लगा। ज्यादा दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही युवती को धमकी दे रहा है कि अगर उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कटघर थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।