मुरादाबाद। निर्यातकों ने प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से लखनऊ में मुलाकात कर जीएसटी की अनावश्यक नोटिसों के बारे में शिकायत की। आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों के अड़ियल रवैये से व्यापारियों को रिफंड लेने में भी मुश्किल हो रही हैं। वित्त मंत्री ने इस मामले में जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ईपीसीएच के वाइस चेयरमैन नीरज खन्ना एवं सीओए सदस्य अवधेश अग्रवाल ने लखनऊ स्थित कार्यालय में सोमवार को वित्तमंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात की। निर्यातकों ने वित्त मंत्री को अक्टूबर में आयोजित फेयर का निमंत्रण दिया। इस दौरान निर्यातकों ने बताया कि जीएसटी के कुछ अधिकारी निरंतर निर्यातकों को गलत नोटिस भेज कर परेशान कर रहे हैं। निर्यातकों को रिफंड लेने में मुश्किल हो रही है। निर्यातकों को ओडीओपी और अन्य मदों से मिलने वाली सब्सिडी समय पर नहीं मिल रही है। इसके अलावा दोनों निर्यातकों ने मंत्री से अन्य शिकायतें की। इस दौरान मंत्री ने निर्यातकों की समस्याओं को समझने के लिए प्रमुख सचिव एम देवराज से मुलाकात कराई। प्रमुख सचिव ने शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इस मामले में वित्त मंत्री ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।