मुरादाबाद। मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यात कारोबार पर महंगे कच्चे माल के असर को देखते हुए एमएचईए (मुरादाबाद हैंडीक्रॉफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन) के पदाधिकारियों ने पीएम मोदी से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की मांग की है। एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री को ईमेल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि अमेरिका की टैरिफ नीति, ईरान युद्ध और वैश्विक परिस्थितियों के कारण निर्यात कारोबार खराब दौर से गुजर रहा है। तेल की कीमतें बढ़ने से पीतल, एल्यूमीनियम, स्टील, लोहा, कांच समेत अन्य कच्चे माल के दाम लगातार बढ़े हैं। पैकिंग मटेरियल तीन गुना महंगा हो चुका है, जबकि केमिकल, ट्रांसपोर्ट और लेबर लागत भी काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि निर्यातक विदेशी मुद्रा अर्जित कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अब निर्यात उद्योग को सरकार के सहयोग की जरूरत है। पत्र में मांग की गई है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 115 डॉलर से घटकर करीब 75 डॉलर प्रति बैरल हो चुकी हैं। इसलिए पेट्रोल और डीजल की दरों को भी कम कर पुरानी कीमतों पर लाया जाए।