कांठ। सोमवार को भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांठ और छजलैट क्षेत्र में जगह-जगह स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमाओं की साफ-सफाई करते हुए माल्यार्पण किया।
कांठ नगर के मोहल्ला फकीरगंज स्थित संत रविदास मंदिर व धर्मशाला के बाहर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश माहेश्वरी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने साफ-सफाई की। साथ ही प्रतिमा के आसपास वाले स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद यहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनकी जयंती मनाई गई। मुकेश माहेश्वरी ने कहा कि सभी को आज बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवराज सिंह जाटव, ओमप्रकाश बौद्ध, हरि सिंह, बलवंत सिंह, नवनीत कुमार सहवाग, सचिन चौधरी एडवोकेट आदि माैजूद रहे।