मुरादाबाद। देश भर के कई डाकघरों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मुरादाबाद में भी पुलिस अलर्ट हो गई। शुक्रवार की दोपहर को पुलिस बम निरोधक दल और डॉग स्क्वायड के साथ मुख्य डाक घर पहुंच गई। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों और बम निरोधक दल को देखकर कर्मचारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया। टीम ने डाकघर का कोना कोना सर्च किया।
पिछले कई दिन से देशभर के कई डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिल रहे हैं। शुक्रवार को इस संबंध में फिर कुछ डाकघरों को मेल भेजे गए। बताया जा रहा है कि बरेली डाकघर को मेल मिला है। इसके बाद बरेली डाकघर के अधिकारियों ने मुरादाबाद के डाकघर अधिकारियों से संपर्क किया और बताया कि सभी जगह डाकघरों को चेक कराया जा रहा है। मुरादाबाद में भी पुलिस अफसरों से बात कर चेकिंग करा लें। शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे सिविल लाइंस पुलिस बम निरोधक दल और डॉग स्क्वायड के साथ डाकघर पहुंच गई। करीब एक घंटे तक चेकिंग चली। हालांकि चेकिंग में कुछ नहीं मिला है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कई डाकघरों को धमकी मिली थी। इसके बाद मुरादाबाद में जांच कराई है। डिप्टी एसपी पोस्ट ऑफिस विनय कुमार यादव ने बताया कि बरेली के अधिकारियों ने सूचना दी थी कि सभी जगह डाकघरों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद हमने भी पुलिस से संपर्क कर डाकघर की जांच कराई है।