मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार से शुरू हो गया है। मुरादाबाद में इसके लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक की ड्यूटी लगाने की वजह से मूल्यांकन कार्य देरी से शुरू हुआ। पहले दिन 28191 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। डीआईओएस का कहना है कि सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
मुरादाबाद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के छह मूल्यांकन केंद्रों में तीन हाईस्कूल के और तीन इंटरमीडिएट के हैं। हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र पारकर इंटर कॉलेज, हैविट मुस्लिम इंटर कॉलेज और आरएन इंटर कॉलेज निर्धारित किए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, जीजी हिंदू इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज बनाए गए हैं। सभी छह केंद्रों पर 233 उप प्रधान परीक्षक और 1967 परीक्षक नियुक्त किए हैं। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे का कहना है कि मूल्यांकन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से उनके कार्यालय और शासन स्तर से निगरानी की जा रही है।
देरी से शुरू हुआ मूल्यांकन
पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर कम संख्या में परीक्षक पहुंचे। इसकी वजह से कुछ केंद्रों पर देरी से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ। आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य छोटे लाल ने बताया कि 41 उप प्रधान परीक्षक में से 37 आए गए थे। करीब चार सौ परीक्षक में से 171 परीक्षक ही उपलब्ध हो सके। कांठ रोड सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक बंद होने की वजह से कम संख्या में परीक्षक पहुंच सके। पारकर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य एसके नेथन ने बताया कि 37 उप प्रधान परीक्षक में से 36 और 367 परीक्षक में से 219 ही आए। किसी भी परीक्षक को मोबाइल परीक्षा कक्ष के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य वीर सिंह ने बताया कि 34 उप प्रधान परीक्षक में से 23 आए थे। 234 परीक्षकों में से सौ अनुपस्थित रहे। जीजी हिंदू इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. कुलदीप बरनवाल ने बताया कि 32 उप प्रधान परीक्षक में से 27 और 321 परीक्षक में से 118 उपस्थित रहे।
मूल्यांकन केंद्र उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या शनिवार को जांची गईं उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज 116712 1956
चित्रगुप्त इंटर कॉलेज 86862 4502
जीजी हिंदू इंटर कॉलेज 98435 4709
आरएन इंटर कॉलेज 91541 9519
पारकर इंटर कॉलेज 137229 5066
हैविट मुस्लिम इंटर कॉलेज 108194 2439
कुल उत्तर पुस्तिका 638973 28191