मुरादाबाद। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में बुधवार को शुरू हुए आईएचजीएफ दिल्ली ऑटम फेयर के पहले दिन विदेशी खरीददारों की अच्छी संख्या देख निर्यातक उत्साहित हैं। कारोबार के नजरिए से मेले का पहला दिन काफी अच्छा बीता। निर्यातकों का कहना है कि पहले दिन इंग्लैंड, पौलेंड, कोलंबिया और जर्मनी के खरीददारों ने अच्छी कारोबारी पूछताछ और सैंपलिंग की है। उम्मीद है कि यह पूछताछ कारोबारी आदेशों में तब्दील होगी। निर्यातकों का कहना है कि पहले दिन अमेरिकी खरीददारों की संख्या कुछ कम थी लेकिन इंग्लैंड और दूसरे देश इस कमी की भरपाई कर रहे हैं।
अमेरिकी खरीद समूह और खरीददारों को लेकर थोड़ा संशय है। क्योंकि अमेरिका द्वारा भारत से जीएसपी का दर्जा छीने जाने के बाद यह पहला दिल्ली फेयर है। जीएसपी खत्म कर अमेरिका ने भारतीय हस्तशिल्प उत्पादों पर अपने यहां आयात शुल्क लगा दिया था। जीएसपी के तहत अभी तक हस्तशिल्प उत्पादों को आयात शुल्क से मुक्त रखा गया था। अब अमेरिकी बाजारों में भारतीय उत्पादों के दाम बढ़ गए हैं। ऐसे में अमेरिकी खरीददारों के रुख में बदलाव आ सकता है। ईपीसीएच के पूर्व चेयरमैन सुधीर त्यागी का कहना है कि मेले में विदेशी खरीददारों की भारी संख्या अच्छे कारोबार का संकेत दे रही है। पहला दिन बहुत अच्छा रहा, ऑटम से निर्यातकों को अच्छे आर्डर मिलेंगे। निर्यातक सतपाल का कहना है कि मेले का पहला दिन उत्साहजनक था, लेकिन अमेरिकी खरीददार नजर नहीं आए। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेद उर रहमान का कहना है कि मेले में पहला दिन शानदार रहा। विदेशी ग्राहकों की अच्छी संख्या ने बड़े कारोबारी आदेशों की उम्मीद जगाई है।