मुरादाबाद। शहर की बुद्धि विहार कॉलोनी में शुक्रवार की दोपहर जुड़वां बहन हिमशिखा (25) की हत्या करने वाले आरोपी इंजीनियर भाई हार्दिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की दोपहर बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी कुमार विजय सिंह ने बताया कि मझोला के बुद्धि विहार सेक्टर में दो में गणेश पार्क के सामने रहने वालीं नीलिमा निजी बीमा कंपनी में ब्रांच असिस्टेंट मैनेजर हैं। उनकी बेटी हिमशिखा गुरुग्राम में आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर थी। वह अपने इंजीनियर भाई हार्दिक के साथ गुरुग्राम में रहती थी। होली से एक दिन पहले ही दोनों भाई बहन अपनी मां के पास आए थे। शुक्रवार की दोपहर हार्दिक ने चाकू से गोदकर हिमशिखा की हत्या कर दी थी। इसके बाद मां पर भी चाकू से हमला करने क बाद कार लेकर भाग गया था। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी हार्दिक को शनिवार की दोपहर नया मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। उससे कार भी बरामद कर ली गई है। आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में आकर अपनी बहन की हत्या की और मां पर जानलेवा हमला किया था। शनिवार की दोपहर बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
केवल इंस्टाग्राम पर था प्यार, कभी नहीं हुई मुलाकात
मुरादाबाद। जिस युवती से हार्दिक प्रेम करता था और शादी करना चाहता था। उससे कभी उसकी मुलाकात नहीं हुई थी। उसने पुलिस पूछताछ में यह बात कबूल की है। वह केवल इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत करता था।
25 लाख में बेची थी बदायूं की दुकान
मुरादाबाद। जिला अस्पताल में भर्ती नीलिमा को शनिवार की सुबह इमरजेंसी से सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया। नीलिमा से मिलने पहुंचे उनके रिश्तेदार और परिचितों ने बताया कि नीलिमा की बदायूं में दुकान थी। पिछले साल सितंबर माह में 25 लाख रुपये में बेच दी थी। अब वह मुरादाबाद में ही अपना मकान बनाने की तैयारी कर रहे थे।
नीलिमा के शरीर पर छह चोटों के निशान
मुरादाबाद। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने नीलिमा का मेडिकल किया। रिपोर्ट में मुताबिक नीलिमा के कंधे, सीने, हाथ की उंगलियों में चाकू के छह हमले मिले हैं।
-
दूसरे दिन भी बुद्धि विहार में दहशत, कई मकानों पर लटके ताले
मुरादाबाद। निजी बीमा कंपनी में नौकरी करने वाली निलिमा बुद्धि विहार सेक्टर दो में गणेश पार्क के सामने भोजपुर निवासी एक व्यक्ति के मकान में किराये पर रहती थीं। वह इस मकान में अकेली रहती थी और आस पड़ोस के लोगों से ज्यादा उनकी बातचीत नहीं थीं। नीलिमा की बेटी की हत्या से कॉलोनी में दूसरे दिन भी दहशत का माहौल बना रहा। आस पड़ोस के ज्यादातर मकानों में ताले लटक गए हैं। इन मकानों में रहने वाले लोग दूसरे मकानों में रहने चले गए हैं। पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला भी अपने मकान में ताला लगाकर अपने बेटे के पास बरेली चली गई हैं।