अगवानपुर। हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे श्रद्धालुओं को शेरूवा चौराहे पर अतिक्रमण की वजह से तंग रास्ते और सड़क किनारे इकट्ठा गंदे पानी से गुजरना होगा। पीडब्ल्यूडी ने मार्ग को गड्ढामुक्त करने का प्रयास किया है लेकिन यहां अस्थायी तौर पर सड़क निर्माण की जरूरत है।
कांठ रोड स्थित शेरूवा चौराहे पर दुकानदारों ने सामान रखकर रोड का अतिक्रमण कर लिया है। बीच में पुलिस का ट्रैफिक बूथ स्थित है। इसी कारण यहां सड़क संकरी हो गई है। इसी कारण वाहनों के निकलने में भी परेशानी हो रहीं है। करीब 100 मीटर दूर शेरूवा गांव की तरफ तालाब के नजदीक सड़क के दोनों तरफ गंदा पानी इकट्ठा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के दोनों नालों नहीं होने की वजह से घरों का गंदा और बरसात का पानी सड़क किनारे इकट्ठा हो गया है। गंदे पानी की वजह से यहां हर समय गंदगी पसरी रहती है। इस कारण यहां से पैदल निकलने में भी दिक्कत होती है। कांवड़ यात्रा के दौरान यहां से लाखों श्रद्धालु गुजरेंगे। ऐसी स्थिति में स्थानीय अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लग गए हैं। मार्गों पर प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रहीं है। गड्ढों को पाटने ओर साफ सफाई की कोशिश हो रही है।
00
स्ट्रीट लाइट के खोदे जा रहे गड्ढे
कांवड़ मार्ग को प्रकाश से जगमग करने के लिए नगर पंचायत की तरफ से स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य चल रहा है। इस दौरान सड़क किनारे जमीन में डाली गई गैस की पाइप लाइन और खुले बिजली के तार रुकावट डाल रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बिजली के खुले तारों की वजह से हादसा हो सकता है। इस कारण सावधानी से गड्ढों की खोदाई की जा रहीं है। यही वजह हैं कि गड्ढे खुदाई में वक्त लग रहा है।