उत्तर प्रदेश पुलिस और इनामी बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक बदमाश फरार हो गया। साथ ही पुलिस ने नाबालिग की हत्या का खुलासा किया है।
रामपुर जिले की पुलिस ने मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाश बब्बू बेग पुत्र याकूब बेग, ईसारूद्दीन पुत्र रियाजुद्दीन निवासी ग्राम मित्तरपुर थाना शाहबाद घायल हुए हैं।
दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने थाना शाहबाद इलाके में एक सप्ताह पूर्व नाबालिग युवती की हत्या की घटना का खुलासा भी किया है।
इससे पहले रामपुर के शाहबाद में चार दिनों से गायब किशोरी का शव सोमवार को गांव में ही गन्ने के खेत में पड़ा मिला। किशोरी की हत्या गला घोंटकर हत्या की गई है। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना के बाद एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने किशोरी की गुमशुदगी के दर्ज मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम कर जांच शुरू कर दी है।