मुरादाबाद। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय विद्यालयों में आउट सोर्सिंग से कार्यरत कर्मचारियों ने बुधवार को डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कई माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि एक अक्तूबर को भी वह वेतन के लिए डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन कर चुके हैं। उस वक्त उन्हें एक सप्ताह में वेतन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक वेतन नहीं मिल सका है। बृहस्पतिवार को करवाचौथ का त्योहार है और फिर दिवाली जैसा बड़ा त्योहार भी है। बिना वेतन के त्योहार की तैयारी नहीं हो पा रही है। अब स्थिति यह है कि परिवार के पालन-पोषण में चुनौती हो रही है। कर्मचारियों के अनुसार आउट सोर्सिंग से अशासकीय विद्यालयों में 158 कर्मचारी कार्यरत हैं। सभी का एक जुलाई से वेतन नहीं आया है। हमारी पुरानी कंपनी का अनुबंध 30 जून को खत्म हो गया था, लेकिन हमें आधिकारिक रूप से कोई पत्र नहीं मिला कि हम विद्यालयों में काम न करें। हमने नियमित ड्यूटी की। दूसरी कंपनी से अनुबंध 20 अगस्त को हुआ है। वह 20 अगस्त से वेतन देने की बात कह रहे हैं। पिछले प्रदर्शन के आधार पर 158 में से करीब 50 कर्मचारियों का 40 दिन का वेतन आया था, शेष का वह भी नहीं आया। 50 दिन का वेतन सभी का बाकी है। वेतन की मांग को लेकर डीआईओएस, जेडी कार्यालय के कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान आज वहां पर भगत सिंह, गुड्डू मसीहा, राहुल सैनी, सुभाष भगवाना, मुर्सलीन, बासित अली, इल्मा, रजनी देवी, पूनम आदि मौजूद रहीं।
वर्जन...
सभी कर्मचारियों का वेतन दिया जा चुका है। आउट सोर्सिंग कर्मचारियों में करीब 12 कर्मचारियों का चयन बाद में हुआ है। उनके अनुमोदन की कार्यवाही गतिमान है। उसी वेतन के संबंध में संयुक्त शिक्षा निदेशक से पत्राचार किया गया है। जल्द ही दिवाली से पहले वेतन जारी कर दिया जाएगा।
रितु तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक