कांठ। नियमित वेतन और रुका कमीशन दिलाने की मांग को लेकर सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर चल रही सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन भी किया।
कांठ तहसील क्षेत्र में मौहड़ी हजरतपुर में दो, रायपुर खुर्द, सिहाली अकबरपुर, फूलपुर मिठ्ठनपुर, सदरपुर मतलबपुर, काजीखेड़ा, कुचावली और फत्तेहपुर बिश्नोई में एक-एक बहु-उद्देश्य प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी.पैक्स) सहकारी समितियां हैं। इसके सचिव, आंकिक, सहयोगी और चौकीदारों के द्वारा सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर नियमित वेतन और रुका कमीशन दिलाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार से कलमबंद हड़ताल पर हैं। जिस कारण समितियों पर ताले लटके हुए हैं। हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को सभी कर्मचारी सहकारी संघ कांठ में एकत्र हुए और यहां धरने पर बैठ गए। उन्होंने मांगों को पूरा किए जाने को लेकर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी भी की। कर्मचारियों का कहना है कि वह सिर्फ कमीशन पर कार्य करते हैं। लेकिन यह भी उन्हें समय पर नहीं मिलता है। अब भी एक-एक वर्ष से कमीशन रुका हुआ है। उन्होंने मांग की कि उन्हें अन्य विभागों की तरह नियमित वेतन दिया जाए और रुका कमीशन जल्द से जल्द दिलाया जाए। इस दौरान समिति सचिव भूपेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, कमल सिंह, निशाल कुमार, सौरभ कुमार, इमरान अली, आंकिक अनिल पाल, राजपाल सिंह, राजीव कुमार, कर्मचारी महीपाल सिंह, सत्यम चौधरी, पवन कुमार, हेमराज, मोहित कुमार, विशेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार आदि रहे।