मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र में कपड़े की दुकान में कर्मचारी छिप बैठ गया। मालिक और अन्य कर्मचारी शटर बंद कर घर चले गए तो उसने तिजोरी से तीन लाख रुपये चोरी कर लिया। दुकान का दूसरा दरवाजा अंदर से खोलकर भाग निकला। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों से एक लाख 77 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
कोतवाली के मालवीय नगर निवासी गुलशन कुमार की बुध बाजार कुंवर सिनेमा में कपड़े की दुकान है। दो दिन पहले दुकान की तिजोरी से तीन लाख रुपये चोरी हो गए थे। दुकान का एक दरवाजा दूसरी साइड में खुला है। ये दरवाजा अंदर से बंद रहता है। दुकान स्वामी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो कटघर के डबल फाटक भदौड़ा निवासी आरोपी रितिक सैनी की तस्वीरें दिखाई दीं। रितिक दुकान में काम करता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने मझोला के लाइनपार शिवाजी नगर निवासी साथी प्रशांत सैनी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना बताई। वह दुकान बंद करते वक्त ही अंदर छिप गया था। इसके बाद उसने अपने साथी को फोन कर दुकान के बाहर बुला लिया था।
तिजोरी से तीन लाख रुपये चोरी करने के बाद वह अंदर से दरवाजा खोलकर भाग निकला था। पुलिस ने दोनों के पास से 1 लाख 77 हजार 850 रुपये बरामद कर लिया। सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह ने बताया कि बताया कि आरोपी रितिक सैनी ने 15 दिन पहले ही दुकान पर काम करना शुरू किया था। शनिवार को पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।