कांठ। गन्ना लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से कढ़ाई कारीगर की मौत हो गई, जबकि उसका तहेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांठ क्षेत्र के गांव कासमपुर के पास स्थित अल्वी नगर का रहने वाला साहिल (22) मंगलवार की देर शाम बाइक द्वारा अपने तहेरे भाई मोनिस के साथ बाइक द्वारा माइनो वाली गढ़ी अपनी बुआ के यहां भात में जा रहा था। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे वाहनों से भात के लिए जा रहे थे। जब साहिल और मोनिस स्योहारा-शरीफ नगर, सुरजननगर रोड पर सिपाइयों वाला टांड के पास पहुंचे तो यहां गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे साहिल और मोनिस गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर में ही साहिल ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे परिजन गंभीर घायल मोनिस को इलाज के लिए मुरादाबाद ले गए। इधर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बुधवार को शव पोस्टमार्टम से लौटने पर कांठ में अल्वी नगर स्थित मृतक के घर पर कोहराम मच गया।
साहिल के पिता फुरकान, मां वरिशा, भाई मोहम्मद सलमान, इमरान, गुफरान, बहन शहाना, जीशाना सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के अनुसार साहिल दिल्ली में कढ़ाई मशीन पर काम करता था। वह अपने छह बहन-भाई में सबसे छोटा और अभी तक अविवाहित था। बुआ के यहां शादी होने की वजह से वह मंगलवार को ही दिल्ली से अपने घर आया था। कासमपुर के ग्राम प्रधान पति व वरिष्ठ समाज सेवी शमीम खान अल्वी सहित तमाम लोगों ने दुकान परिजनों को ढाढ़स बंधाया है। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया है, वहीं हादसे में घायल मोनिस का अस्पताल में इलाज चल रहा है।