स्मार्ट सिटी के कार्य के दौरान दो साल से सड़कें खुदी होने के बावजूद विद्युत निगम अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर नहीं बिछा पाया। बिजलीघरों को स्काडा सिस्टम से जोड़ने का हवाला देकर अब फिर से सड़कें खोदने की अनुमति मांगी जा रही है। 35 किलोमीटर की 10 स्मार्ट सड़कों पर यह कार्य होना है।
विद्युत निगम की देखरेख में रिलायंस इलेक्ट्रिक कंपनी यह कार्य कर रही है। कमिश्नर के साथ बैठक के दौरान बुध बाजार में दोबारा सड़क खोदने की अनुमति नहीं मिली। नगर निगम ने भी इस पर आपत्ति जताई है। अधिकारियों ने कहा कि जहां अंडरग्राउंड विद्युत लाइनें बिछाई गई हैं, वहां प्वाइंट छोड़े गए हैं। उन्हीं से होकर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया जाए। जबकि अन्य सड़कों के मामले में कोई सख्ती नहीं है। जिन 10 सड़कों को स्मार्ट रोड में चिह्नित किया गया है, वहां भी काम पूरा हो चुका है। कंपनी खंभों के जरिये तार बिछाने की बात कह रही है लेकिन 90 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की डीपीआर में अंडरग्राउंड तार बिछाने की बात तय हुई थी। कई सड़कों से खंभे भी हटाए जा चुके हैं। अब स्काडा के लिए दोबारा सड़क खुदने से लोगों को फिर परेशानी उठानी पड़ सकती है।
यह है स्काडा प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट के तहत ऑप्टिकल फाइबर के जरिये शहर के 10 बिजलीघरों को आपस में जोड़ा जाएगा। एक बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित होने पर दूसरे बिजलीघर से खुद ही सप्लाई शुरू हो जाएगी। इससे शहरे में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति देने में मदद मिलेगी। 10 बिजलीघरों को आपस में जोड़ने के साथ अधीक्षण अभियंता विद्युत के कार्यालय से इसे जोड़ा जाएगा। वहां स्काडा सेंटर तैयार किया जाएगा। किसी क्षेत्र में फाल्ट होने पर अधीक्षण अभियंता को फौरन जानकारी हो जाएगी।
31 जुलाई तक पूरा होना था काम
स्काडा सिस्टम लगाने का काम 31 जुलाई तक पूरा होना था। जबकि यह कार्य अब तक शुरू भी नहीं हुआ है। इसके अलावा शहर में 165 खंभों को हटाना, 50 खंभों को लगाए जाने, 6.5 किमी की सड़क में 33 केवी व 11केवी के डॉग कंडक्टर बदलने, 10 बिजलीघरों पर आरटीयू लगाने समेत कई काम बाकी हैं। पहले यह कार्य 30 जून तक होने थे। 31 जुलाई तक समयावधि बढ़ाने के बाद भी कार्य नहीं हो पाया है।
00
इन सड़कों को बनाया जाना है स्मार्ट
बुध बाजार-ताड़ीखाना-पारकर रोड - 1.88 किमी
हैलेट रोड-चक्कर की मिलक-गुरहट्टी - 2.91 किमी
जेल चौक-महिला थाना-डिप्टी गंज - 1.41 किमी
गुरहट्टी-पीली कोठी-जिगर कॉलोनी रोड - 1.81 किमी
महिला थाना-सेंट पॉल चर्च-अटल पथ - 1 किमी
पीटीसी ग्राउंड-शंकर विहार कॉलोनी - 0.48 किमी
सेंट पॉल चौक-चक्कर की मिलक - 0.56 किमी
सोनकपुर स्टेडियम रोड - 0.77 किमी
एमडीए कार्यालय-वेव मॉल रोड - 3 किमी
डीसी कार्यालय रोड - 0.15 किमी
हमें रोजाना पांच घंटे शटडाउन मिले तो 15 से 20 दिन में हम स्मार्ट सिटी का कार्य पूरा कर देंगे। शटडाउन न मिलने के कारण लेबर खाली बैठी रहती है। - ललित शंघारी, प्रबंधक रिलायंस इलेक्ट्रिक
बुध बाजार में सड़क खोदने नहीं दी जाएगी। इसके अलावा अन्य सड़कों पर जो उचित व्यवस्था होगी की जाएगी। हमने रोजाना चार से पांच घंटे का शटडाउन देना शुरू कर दिया है। - रवि यादव, अधिशासी अभियंता, विद्युत